सुरक्षा अधिकारी-कर्मचारी अब खाकी और सफेद वर्दी में आएंगे नजर

भोपाल। विधानसभा सचिवालय के सुरक्षा अधिकारी और कर्मचारी अब खाकी और सफेद वर्दी में नजर आएंगे। वहीं, सचिवालय के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की वर्दी का रंग भी एक बार फिर बदलने की तैयारी की जा रही है।
विधानसभा सचिवालय ने सुरक्षा अधिकारियों और कर्मचारियों की नई वर्दी के लिए कपड़े की खरीदी और सिलाई की दरें निर्धारित करने टेंडर आमंत्रित किए हैं। इसके तहत अधिकारियों के लिए रेमंड ट्राविन क्वालिटी का खाकी वर्दी का कपड़ा और रेमंड टेरीवूल का खाकी ऊनी शर्ट का कपड़ा खरीदा जाएगा।
इसके अलावा रेमंड बोनेन्जा क्वालिटी का सफेद जोधपुरी सूट और सफेद सफारी सूट का कपड़ा भी लिया जाएगा। महिला अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए रेमंड कूल कंफर्ट क्वालिटी का सफेद सलवार-सूट का कपड़ा और शिफॉन क्वालिटी की सफेद चुनरी खरीदी जाएगी।
वर्दी के साथ जूते और अन्य जरूरी सामग्री भी खरीदी जाएगी। इनमें टीएसएफ लॉन्ग ब्राउन लेदर शूज, कोर्ट पैंट के लिए ब्लैक लेदर शूज और एडिडास क्वालिटी के सफेद जूते शामिल हैं। इसके अलावा लेदर की ब्राउन बेल्ट, बकल, मोनोग्राम सहित नीली बेरेट कैप तथा अधिकारियों के लिए मोनोग्राम सहित खाकी पी-कैप की खरीदी भी प्रस्तावित है। टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से कपड़ों की खरीदी और सिलाई की दरें तय होने के बाद नई वर्दी की व्यवस्था की जाएगी।
 


Leave Comments

Top