भोपाल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पुलिसकर्मियों के परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा है कि पुलिस विभाग के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बच्चों को सरकार पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि दिन-रात जनता की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मियों के परिवारों और बच्चों के भविष्य की जिम्मेदारी सरकार को उठानी चाहिए।
पटवारी ग्राम बरमंडल (धार) पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रकाश पुरी के सुपुत्र एवं खातेगांव थाना प्रभारी स्वर्गीय दिलीप पुरी के आकस्मिक निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पटवारी ने कहा कि दिलीप पुरी का असमय निधन अत्यंत दुखद है। पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में 24 घंटे अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं और कई बार उन्हें नियमित अवकाश भी नहीं मिल पाता। ऐसे में उनके परिवारों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के बच्चों को मुफ्त शिक्षा देना स्वर्गीय दिलीप पुरी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
निष्पक्ष जांच कराए सरकार
इस दौरान पटवारी ने प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और तस्करी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों और गली-मोहल्लों में डायरी पर अवैध शराब बेची जा रही है। इतने बड़े स्तर पर चल रहे इस कारोबार में प्रशासनिक और राजनीतिक संरक्षण की आशंका की जांच होनी चाहिए। पटवारी ने कहा कि सरकार मीडिया मैनेजमेंट तक सीमित रहने के बजाय पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई सुनिश्चित करे।