नई दिल्ली. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह को लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चुन लिया गया है. इंडोनेशिया के बाली में आयोजित आईसीसी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक में सभी सदस्य बोर्ड ने उनके नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई.
दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर जय शाह ने आईसीसी बोर्ड के सदस्यों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि आईसीसी चेयरमैन के रूप में काम करना उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है. वह दुनिया भर में क्रिकेट के विकास और खेल के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे.
जय शाह ने 1 दिसंबर 2024 को पहली बार आईसीसी चेयरमैन का पद संभाला था. 35 वर्ष की उम्र में इस पद पर पहुंचकर उन्होंने आईसीसी के सबसे युवा चेयरमैन बनने का रिकॉर्ड बनाया था. इससे पहले वह अक्टूबर 2019 से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
अपने पहले कार्यकाल में जय शाह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के विस्तार और विकास पर विशेष जोर दिया. ओलंपिक में 128 साल बाद क्रिकेट की वापसी की दिशा में उनके प्रयासों को अहम माना गया. इसके अलावा महिला क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने, महिला टूर्नामेंटों की लोकप्रियता बढ़ाने और उनके व्यावसायिक विकास पर भी ध्यान दिया गया.
उनके कार्यकाल में आईसीसी के बड़े टूर्नामेंटों के आयोजन और एसोसिएट देशों में क्रिकेट के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में भी पहल हुई. इन देशों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया.
दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने पर जय शाह ने कहा कि आईसीसी बोर्ड ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वह सभी निदेशकों के आभारी हैं. उन्होंने क्रिकेट के वैश्विक विकास और सभी सदस्य देशों के हितों को आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.