बिलकिस बानो केस: 17 साल से अधिक जेल में रहे दो दोषियों को सुप्रीम कोर्ट से जमानत

नई दिल्ली. सुप्रीम कोर्ट ने बिलकिस बानो गैंगरेप और हत्या मामले में दोषी ठहराए गए दो लोगों की उम्रकैद की सजा निलंबित करते हुए उन्हें जमानत दे दी है. हालांकि, उनकी दोषसिद्धि को चुनौती देने वाली अपीलों पर सुनवाई जारी रहेगी.

जमानत पाने वाले दोषियों के नाम विपिनचंद्र कन्हैयालाल जोशी और प्रदीप रमनलाल मोधिया हैं. दोनों 17 साल से अधिक समय जेल में बिता चुके हैं. सुप्रीम कोर्ट ने इस अवधि और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उनकी रिहाई का आदेश दिया. जमानत ट्रायल कोर्ट की ओर से तय शर्तों के अधीन रहेगी. अदालत ने यह आदेश 28 अक्टूबर को जारी किया था.

सुनवाई के दौरान दोषियों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने दलील दी कि दोनों 17 साल से अधिक समय से जेल में हैं. उन्होंने बताया कि एक दोषी का नाम एफआईआर में शामिल नहीं था और घटना के करीब तीन साल बाद उसे मामले में आरोपी बनाया गया था. वहीं, दूसरे दोषी के गंभीर रूप से दिव्यांग होने की बात भी अदालत के सामने रखी गई.

गुजरात सरकार ने जमानत याचिका का विरोध किया. अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल राजा ठाकरे ने दलील दी कि अपराध की गंभीरता को देखते हुए निचली अदालतों ने मामले से जुड़े सभी प्रासंगिक तथ्यों और साक्ष्यों पर विचार करने के बाद फैसला सुनाया था.

दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कहा कि अपीलकर्ताओं को 17 साल से अधिक समय जेल में हो चुका है और उनमें से एक गंभीर रूप से दिव्यांग है. अदालत ने यह भी माना कि अपीलों में ऐसे कानूनी मुद्दे हैं, जिन पर विस्तार से विचार किए जाने की जरूरत है. इसी आधार पर दोनों की उम्रकैद की सजा निलंबित कर जमानत देने का आदेश दिया गया.


Leave Comments

Top