जंगली हाथियों के प्रबंधन के लिए 47 करोड़ स्वीकृत, गठित होगा हाथी मित्र दल

कैबिनेट बैठक में लिया फैसला, किसानों को जल्द किया जाएगा भुगतान
भोपाल। सरकार ने जंगली हाथियों के प्रभावी प्रबंधन और मानव-हाथी द्वंद को कम करने के लिए एक व्यापक योजना को मंजूरी दी है। इसके लिए 47 करोड़ रूपए स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों को जोड़ते हुए एक धार्मिक सर्किट विकसित करने का निर्णय लिया गया।
राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में आज प्रदेश में मानव-हाथी द्वंद को कम करने और जंगली हाथियों के प्रबंधन के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 और वर्ष 2026-27 अर्थात आगामी 2 वर्षों सहित कुल 4 वर्षों (वर्ष 2023-24 से 2026-27 तक) के लिए राशि 47 करोड़ 11 लाख 69 हजार रुपये की योजना क्रमांक 9854 की सैद्धातिंक स्वीकृति दी गई है।
योजना अंतर्गत हाथियों की सुरक्षा एवं अनुश्रवण के लिए वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं वर्ष 2024-25 में कुल राशि रूपये एक करोड़ 52 लाख 54 हजार रूपये व्यय की गयी है। निर्णय अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में योजना में राशि 20 करोड़ रूपये और वर्ष 2026-27 में 25 करोड़ 59 लाख 15 हजार रूपये का प्रावधान किया गया। इस तरह आगामी 2 वर्षों सहित कुल 4 वर्षों (वर्ष 2023-24 से 2026-27 तक) के लिए योजना का आकार राशि 47 करोड़ 11 लाख 69 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 5 मई तक 3475 खरीद केंद्रों पर 9 लाख किसानों से 77.74 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया है। इनमें से 74.42 लाख मीट्रिक टन का भंडारण किया जा चुका है। किसानों को अब तक 18,471 करोड़ रुपए का भुगतान हो चुका है और 400 करोड़ रुपए का भुगतान जल्द किया जाएगा।
ज्योतिर्लिंगों को जोड़ते हुए विकसित किया जाएगा धार्मिक सर्किट
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों को जोड़ते हुए धार्मिक सर्किट विकसित किया जाएगा। इस सर्किट में महेश्वर, ओंकारेश्वर, घृष्णेश्वर, भीमाशंकर जैसे तीर्थस्थलों को शामिल किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को एक संगठित यात्रा योजना के तहत दर्शन की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा भगवान श्रीकृष्ण के पदचिह्नों से जुड़े स्थलों को भी दोनों राज्यों में विकसित किया जाएगा। महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को एक साझा अभियान के तहत संरक्षित और प्रचारित किया जाएगा।
इंदौर में विशेष कैबिनेट बैठक 20 को
कैबिनेट ने निर्णय लिया कि 20 मई को इंदौर में विशेष कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी, जो देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300 वीं जयंती को समर्पित होगी। इसके अलावा पुणे में भी अहिल्याबाई के जन्मस्थल पर विशेष आयोजन और बैठक की योजना बनाई गई है।

Leave Comments

Top