विकास के साथ ’उत्सवों की राजधानी’ बना उज्जैन,

मुख्यमंत्री ने कहा सिंहस्थ 2028 के लिए बिछ रहा सुविधाओं का जाल
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान विकास कार्यों का लोकार्पण करने के साथ ही विभिन्न सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने उज्जैन-इंदौर रोड स्थित ’महालोक होटल एंड रिसॉर्ट’ का शुभारंभ करते हुए कहा कि श्री महाकाल महालोक के निर्माण के बाद से उज्जैन की अर्थव्यवस्था को नई गति मिली है। उन्होंने प्रदेश में पर्यटन और रोजगार के बढ़ते अवसरों पर जोर देते हुए कहा कि ’अतिथि देवो भव’ की परंपरा ही हमारी पहचान है।
मुख्यमंत्री ने भविष्य की कार्ययोजना साझा करते हुए बताया कि सिंहस्थ 2028 की तैयारी के मद्देनजर इंदौर-उज्जैन रोड को 6-लेन किया जा रहा है। उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि इंदौर, उज्जैन, देवास, धार, रतलाम और शाजापुर को मिलाकर एक नवीन मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाई जा रही है। उज्जैन को जल्द ही मेट्रो कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी।  धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ शहर को आईटी पार्क, साइंस सिटी और विक्रम उद्योगपुरी (फेज-2) के माध्यम से औद्योगिक हब बनाया जा रहा है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा का विस्तार किया गया है। पर्यटन के माध्यम से नए रोजगार सृजन हो रहे है। उज्जैन को धार्मिक पर्यटन के केंद्र के साथ विकसित करने के साथ औद्योगिक हब साइंस सिटी, नवीन विक्रम उद्योगपुरी फेस2 ,आईटी पार्क,प्लेनेटोरियम आदि के माध्यम से बनाया जा रहा है।
दिव्यांग बच्चों को सहानुभूति नहीं, समान अवसर की जरूरत
हामूखेड़ी स्थित शासकीय दृष्टि एवं श्रवण बाधितार्थ विद्यालय में आयोजित हर क्षमता को उड़ान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भावुक नजर आए। बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों को देख उन्होंने कहा कि इन बच्चों में दिव्य शक्तियों का भंडार है। इन्हें सहानुभूति की नहीं, बल्कि प्रेम और समान अवसरों की आवश्यकता है ताकि ये अपनी प्रतिभा को निखार सकें।
राहगीरी में दिखा उत्साह, शंखनाद के साथ की शुरुआत
रविवार की सुबह कोठी रोड पर आयोजित राहगीरी आनंद उत्सव में मुख्यमंत्री आम जनता के बीच पहुंचे। हजारों की संख्या में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन अब उत्सवों की राजधानी’ बन गया है। मुख्यमंत्री ने स्वयं शंखनाद कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान योग, पारंपरिक खेल और सांस्कृतिक मंचों के माध्यम से शहर की जीवंतता दिखाई दी। राहगीरी में 70 से अधिक संस्थाओं ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।

Leave Comments

Top