मनमाना किराया वसूलने वाले बस ऑपरेटरों पर गिरेगी गाज

रद्द होंगे परमिट,परिवहन आयुक्त ने सभी आरटीओ को जारी किए निर्देश
भोपाल।  प्रदेश में यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने वाले बस संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। परिवहन आयुक्त कार्यालय ने प्रदेश के सभी जिला परिवहन अधिकारियों (आरटीओ) को आदेश जारी कर कहा है कि ओवरचार्जिंग करने वाली बसों के परमिट निरस्त करने की अनुशंसा मुख्यालय भेजी जाए।
जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि विशेष रूप से ऑल इंडिया परमिट वाली बसों में अधिक किराया वसूली की पुष्टि होने पर उन्हें तत्काल जब्त किया जाए। चूंकि इन बसों के परमिट रद्द करने का अधिकार क्षेत्रीय स्तर पर आरटीओ के पास नहीं है, इसलिए वे कार्रवाई का प्रस्ताव मुख्यालय भेजेंगे, ताकि आयुक्त स्तर से इनका परमिट रद्द किया जा सके।
दोगुना किराया वसूली के खुलासे के बाद हरकत में आया विभाग
त्योहारी सीजन और दीपावली के दौरान बस संचालकों द्वारा तीन गुना तक किराया वसूलने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं, लेकिन स्थानीय स्तर पर आरटीओ महज चालानी कार्रवाई तक ही सीमित थे। हाल ही में बालाघाट में इस मनमानी का बड़ा खुलासा हुआ। दो दिन पहले बालाघाट विधायक अनुभा मुंजारे ने इंदौर जाने वाली बसों में यात्रियों से संवाद किया, जिसमें सामने आया कि 1267 रुपये के निर्धारित किराये के बदले यात्रियों से 2500 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। मामले के तूल पकड़ने के बाद परिवहन मुख्यालय ने इस अवैध वसूली पर अंकुश लगाने के लिए कठोर कदम उठाने का निर्णय लिया है।
परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
परिवहन नियमों के तहत सरकार द्वारा निर्धारित किराये से अधिक राशि वसूलना सीधे तौर पर परमिट शर्तों का उल्लंघन है। डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर किरण शर्मा ने पुष्टि की है कि परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश पर सभी आरटीओ को सख्त कार्रवाई के लिए पाबंद किया गया है। गौरतलब है कि राज्य सरकार ने इसी वर्ष 7 अगस्त को यात्री बसों का किराया सवा रुपये से बढ़ाकर दो रुपये प्रति किलोमीटर किया था। किराये में वृद्धि किए जाने के बावजूद बस ऑपरेटरों द्वारा की जा रही मनमानी वसूली पर अब विभाग ने लगाम कसने की तैयारी कर ली है।
 


Leave Comments

Top