निवेश को गति देने सिंगापुर, दक्षिण कोरिया की यात्रा पर जाएंगे मुख्यमंत्री

पांच दिवसीय विदेश दौरे में उद्योगपतियों से करेंगे सीधा संवाद
भोपाल।  प्रदेश में औद्योगिक निवेश को नई गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आगामी 24 नवंबर से पांच दिवसीय विदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सिंगापुर और दक्षिण कोरिया की यात्रा करेंगे, जहां प्रमुख निवेशकों और औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री 23 नवंबर की रात भोपाल से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद वे दिल्ली से सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के लिए रवाना होंगे। इस उच्च स्तरीय दौरे में प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल भी शामिल रहेगा, जो विदेशी निवेशकों के समक्ष राज्य की उद्योग अनुकूल नीतियों का प्रस्तुतीकरण देगा।
वरिष्ठ अधिकारियों का दल रहेगा साथ
मुख्यमंत्री के इस प्रतिनिधिमंडल में शासन के कई प्रमुख अधिकारी शामिल किए गए हैं। इनमें मुख्यमंत्री कार्यालय व उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, प्रमुख सचिव आईटी एम. सेल्वेंद्रन, जनसंपर्क आयुक्त मनीष सिंह और मप्र औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हैं।
वन-टू-वन बैठकें व राउंड-टेबल चर्चाएं प्रस्तावित
इस दौरे को भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) के बाद प्रदेश में आए निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की एक अहम कड़ी माना जा रहा है। यात्रा के दौरान दोनों देशों के शीर्ष उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें और राउंड-टेबल चर्चाएं प्रस्तावित हैं।
 


Leave Comments

Top