नकुलनाथ जरूरी वाले पोस्टरों से गरमाई सियासत, नेतृत्व को लेकर छिड़ी नई बहस

दिग्विजय-पटवारी-सिंघार की गैर-मौजूदगी वाले बैनर ने बढ़ाई कांग्रेस की हलचल
भोपाल। राजधानी भोपाल में कांग्रेस की अंदरूनी सियासत एक बार फिर से गर्मा गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) कार्यालय के बाहर लगे एक नए पोस्टर ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। अशोकनगर विधानसभा क्षेत्र से किसान कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष सुखभान यादव द्वारा लगवाए गए इस पोस्टर में पूर्व सांसद नकुलनाथ की तस्वीर के साथ बड़े अक्षरों में लिखा गया है मध्यप्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है।
इस पोस्टर की सबसे बड़ी चर्चा इसके सियासी मायने को लेकर है। पोस्टर से जहां एक ओर पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की तस्वीर गायब है, वहीं जिन जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व को लेकर हाल ही में राजनीतिक चर्चाएं गर्म थीं, उनकी तस्वीरें भी इसमें नदारद हैं। इसे राजनीतिक विश्लेषक आगामी 2028 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर नकुलनाथ समर्थकों द्वारा एक बड़े शक्ति प्रदर्शन और नेतृत्व की दावेदारी के तौर पर देख रहे हैं।
कमलनाथ की अनुपस्थिति, नकुलनाथ के कंधों पर शक्ति प्रदर्शन
जानकारी के अनुसार कल 14 नवंबर को श्यामला हिल्स स्थित पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बंगले पर एक भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में 18 नवंबर को आने वाले कमलनाथ के जन्मदिन का अग्रिम उत्सव भी मनाया जाएगा। हालांकि, इस आयोजन का राजनीतिक वजन तब और बढ़ गया जब यह स्पष्ट हुआ कि कमलनाथ इस कार्यक्रम में अपनी पूर्व निर्धारित व्यस्तताओं के चलते शामिल नहीं हो पाएंगे। ऐसे में, प्रदेशभर से जुटने वाले कांग्रेस विधायकों, पदाधिकारियों और समर्थकों को एकजुट करने तथा एक मंच पर लाने की पूरी जिम्मेदारी अब अकेले नकुलनाथ के कंधों पर आ गई है। इसे उनके राजनीतिक कद के परीक्षण और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
दिग्विजय सिंह के बयान और 2028 की पटकथा की चर्चाएं तेज
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कमलनाथ समर्थक हाल ही में दिग्विजय सिंह के उस बयान से खासे आहत या असहज हैं, जिसमें उन्होंने 2028 के चुनावों के लिए जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व का जिक्र तो किया था, लेकिन कमलनाथ या नकुलनाथ के नाम से परहेज किया था। इसी पृष्ठभूमि में पीसीसी दफ्तर के बाहर लगे इन पोस्टरों ने पार्टी के भीतर सुगबुगाहट को और बढ़ा दिया है। राजनीतिक जानकारों के मन में अब यह सवाल उठने लगा है कि क्या कांग्रेस पार्टी एक बार फिर 2018 के विधानसभा चुनाव जैसी राजनीतिक पटकथा दोहराने की तैयारी में है? गौरतलब है कि 2018 के चुनावों से ठीक पहले तत्कालीन नेतृत्व समीकरणों में बदलाव कर कमलनाथ को कमान सौंपी गई थी, जिसके बाद पार्टी सत्ता में आई थी।
समारोह के पहले हटाए होर्डिंग्स
दिवाली मिलन समारोह से एक दिन पहले शहर में लगे नकुलनाथ के स्वागत होर्डिंग्स हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया  भोपाल नगर निगम की टीम ने शहर में लगाए गए होर्डिंग्स हटाने की कार्रवाई की, जिस पर कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला ने आपत्ति जताई है। कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला का आरोप है कि नगर निगम की यह कार्रवाई भाजपा नेताओं के इशारे पर की जा रही है। उन्होंने होर्डिंग्स हटाए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे राजनीतिक कार्रवाई बताया
 


Leave Comments

Top