प्रविष्टि तिथि: 07 SEP 2026 8:50PM by PIB Bhopalविदिशा/भोपाल/मुंबई/नई दिल्ली, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री तथा विदिशा संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री शिवराज सिंह चौहान की पहल पर देश के सबसे प्रतिष्ठित कैंसर संस्थान टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल, मुंबई की अत्याधुनिक कीमोथेरेपी डे-केयर यूनिट कल 8 सितंबर से विदिशा में प्रारंभ होगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के साथ ही केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल की गरिमामयी मौजूदगी में इसका शुभारंभ होगा। इससे, कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी के लिए अब महानगरों की दौड़ लगाने से मुक्ति मिलेगी और विदिशा में ही पूरा उपचार मिलेगा।
केंद्रीय मंत्री और क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान की विशेष पहल पर इस महत्वपूर्ण केंद्र के प्रारंभ होने से विदिशा और आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों को कीमोथेरेपी और डॉक्टरों के परामर्श के लिए मुंबई, दिल्ली या भोपाल की लंबी यात्राओं तथा भारी आर्थिक बोझ से स्थायी राहत मिलेगी। मरीजों को उनके घर के नजदीक ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में आधुनिक और सुलभ चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। मेडिकल कॉलेज के एलटी-2 सभागार में दोपहर 1 बजे से आयोजित होने वाले इस गरिमामयी समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री राजेंद्र शुक्ल की विशिष्ट मौजूदगी रहेगी। समारोह में प्रभारी मंत्री श्री लखन पटेल, स्थानीय विधायक श्री मुकेश टंडन सहित सभी जनप्रतिनिधि, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. मनीष निगम और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। टाटा मेमोरियल के निदेशक और एम्स, भोपाल के विशेषज्ञ चिकित्सक भी उपस्थित रहकर मार्गदर्शन देंगे।
जनता की सेवा ही सर्वोच्च प्राथमिकता: शिवराज सिंह चौहान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस सौगात को लेकर कहा कि विदिशा संसदीय क्षेत्र की जनता उनका परिवार है। क्षेत्रवासियों को बेहतर, सस्ती और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना उनका मुख्य ध्येय रहा है। टाटा मेमोरियल सेंटर के सहयोग से तैयार यह कीमोथेरेपी यूनिट विशेष रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी, जिससे उनका समय, श्रम और धन तीनों की बचत होगी। ये यूनिट कुछ दिनों में पूरी तरह से काम करना प्रारम्भ कर देगी।
**
(रिलीज़ आईडी: 2307669) आगंतुक पटल : 7