राजधानी में सीलिंग कार्रवाई पर लगातार छठे दिन भी ब्रेक लगा रहा। कार्रवाई रुकी होने से व्यापारियों को राहत की उम्मीद बंधी है। इसी बीच होशंगाबाद रोड के व्यापारियों ने सोमवार को प्रस्तावित बंद और रैली का कार्यक्रम रद्द कर दिया। प्रशासन और नगर निगम से बातचीत के बाद व्यापारियों ने कहा कि वे फिलहाल सरकार के फैसले का इंतजार करेंगे। सीलिंग विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई जबलपुर हाईकोर्ट में चल रही है। सोमवार को न्यायमूर्ति विशाल मिश्रा की अदालत में करीब 40 प्रकरणों पर सुनवाई हुई। मामलों की संख्या 100 से अधिक होने के कारण बाकी प्रकरणों पर मंगलवार दोपहर 2:30 बजे से सुनवाई जारी रहेगी।
आवासीय भूखंडों पर व्यावसायिक इस्तेमाल भी मुद्दा
मामले में याचिका कर्ता विवेक त्रिपाठी ने बताया कि सुनवाई में अरेरा कॉलोनी सहित शहर के अलग-अलग आवासीय इलाकों में आवासीय भूखंडों पर चल रहे मॉल, शोरूम, शराब दुकान, पब, चाय-सुट्टा बार और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े मामले शामिल हैं। बड़े तालाब और भोज वेटलैंड क्षेत्र में अवैध निर्माण से जुड़े मुद्दे भी अदालत के सामने रखे गए।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद तेज हुई सुनवाई
5 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद सीलिंग से जुड़े लंबित मामलों के जल्द निराकरण के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में मामलों को एक साथ लेकर सुनवाई शुरू की गई। नगर निगम ने भी सोमवार को अपना पक्ष अदालत के सामने रखा।
व्यापारियों ने आंदोलन टाला
होशंगाबाद रोड के व्यापारियों ने सोमवार को दुकानें बंद रखने और रैली निकालने की तैयारी की थी। प्रशासन और नगर निगम से बातचीत के बाद आंदोलन वापस ले लिया गया। व्यापारियों ने वीडियो जारी कर कहा कि अभी सरकार के निर्णय का इंतजार किया जा रहा है, इसलिए बंद और रैली रद्द की गई है
15 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में फिर सुनवाई
सीलिंग विवाद से जुड़े प्रमुख मामले में सुप्रीम कोर्ट में अगली सुनवाई 15 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है। इससे पहले हाईकोर्ट में लंबित मामलों पर सुनवाई पूरी होने की उम्मीद है। अब व्यापारियों की नजर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर है।