रिश्वतखोरी पर दो दिन में दूसरी बार केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का फिर बड़ा एक्शन, कृषि विभाग के दो और अधिकारियों को किया निलंबित

रिश्वतखोरी मामले में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एक्शन मोड में

कृषि विभाग के विपणन अधिकारी नीरज वर्मा और संदीप दीदावत रिश्वतखोरी मामले में सस्पेंड

वेयरहाउस संचालकों से सब्सिडी के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत पर शिवराज का एक्शन

दो दिन पहले ही शिवराज सिंह चौहान ने रिश्वतखोरी मामले में एक अफसर को किया था निलंबित

                                                प्रविष्टि तिथि: 23 SEP 2026 5:53PM by PIB Bhopal

नई दिल्ली- कृषि विभाग में रिश्वतखोरी की शिकायतों को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान गंभीर हैं। वेयरहाउस संचालकों से सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत पर केन्द्रीय कृषि मंत्री ने फिर दो विपणन अधिकारी नीरज वर्मा और संदीप दीदावत को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। दोनों अफसरों ने वेयरहाउस निरीक्षण के दौरान सब्सिडी की राशि जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तक पहुंची और केन्द्रीय मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच उपरांत तत्काल दोनों अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।

सब्सिडी की किस्त जारी करने मांगी रकम
भोपाल में पदस्थ केन्द्रीय कृषि मंत्रालय के विपणन अधिकारी नीरज वर्मा ने सीहोर जिले में वेयरहाउस संचालको से सब्सिडी की राशि जारी करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। वहीं फरीदाबाद में पदस्थ विपणन अधिकारी संदीप दीदावत ने रायसेन स्थित प्रकाश वेयरहाउस के संचालक से निरीक्षण के दौरान सब्सिडी की राशि जारी करने के बदले 60 हजार रुपये की मांग की थी। 

शिकायत मिलते ही शिवराज ने दिए कार्रवाई के निर्देश
शिकायत सामने आने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मामले को गंभीरता से लिया, कृषि मंत्रालय में शीर्षस्थ अधिकारियों को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए । इसके बाद संबंधित विपणन अधिकारी नीरज वर्मा और संदीप दीदावत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। मंत्रालय ने साफ किया है कि किसानों और वेयरहाउस संचालकों से संबंधित सरकारी प्रक्रियाओं में अनियमितता या रिश्वत की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा।

दो दिन पहले भी हुई थी कार्रवाई
हाल ही में इसी तरह वेयरहाउस संचालक से सब्सिडी की राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने वाले विपणन अधिकारी अनुराग को भी शिवराज सिंह चौहान ने तत्काल प्रभाव से निलंबित किया था। इसके बाद 23 सितंबर को दो और अधिकारियों पर गाज गिरी है। कृषि विभाग में भ्रष्टाचार के मामलों पर केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार एक्शन ले रहे हैं। लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच कृषि मंत्रालय की कार्रवाई को सरकारी प्रक्रियाओं में रिश्वत और अनियमितता के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

***

                                                       (रिलीज़ आईडी: 2314047) आगंतुक पटल :    इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:


Leave Comments

Top